Home Crime बहादुरगढ़: फर्जी पासपोर्ट पर विदेश भागे मोस्ट वांटेड गैंगस्टर कुनाल जून को...

बहादुरगढ़: फर्जी पासपोर्ट पर विदेश भागे मोस्ट वांटेड गैंगस्टर कुनाल जून को एसटीएफ ने पकड़ा

272
0

बहादुरगढ़ | हरियाणा एसटीएफ और झज्जर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मोस्ट वांटेड गैंगस्टर कुनाल जून को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। कुनाल फर्जी पासपोर्ट के सहारे विदेश भागा हुआ था।

एसटीएफ करनाल रेंज के एसपी वसीम अकरम के मुताबिक, कुनाल जून सितंबर में दिल्ली से दुबई के शाहजहां भागा था, जहां से वह अज़रबैजान और फिर कजाकिस्तान पहुंचा। उसकी योजना यूक्रेन के रास्ते अमेरिका जाकर वहां से अपनी गैंग ऑपरेट करने की थी। कुनाल पर झज्जर और रोहतक जिलों में हत्या, हत्या के प्रयास, फिरौती मांगने और आर्म्स एक्ट के तहत 15 से ज्यादा संगीन मामले दर्ज हैं।

कुनाल मूल रूप से बहादुरगढ़ के नुना माजरा गांव का रहने वाला है। जानकारी के अनुसार, उसने महज 16 साल की उम्र में पहली हत्या की थी। उस पर रोहतक में गैंगस्टर सुमित प्लोटरा के भाई समेत तिहरे हत्याकांड को अंजाम देने का भी आरोप है।

कई मामलों में फरार चल रहे कुनाल को एक बार गिरफ्तार भी किया गया था, लेकिन जमानत पर रिहा होने के बाद उसने फर्जी पासपोर्ट बनवाकर देश छोड़ दिया। भारत सरकार के अनुरोध पर उसे कजाकिस्तान से डिपोर्ट करवाया गया। कुनाल के खिलाफ लुकआउट नोटिस और रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी था।

एसपी वसीम अकरम ने बताया कि कुनाल के कई बड़े गैंगस्टरों से संपर्क हैं, हालांकि हाल के दिनों में वह खुद अपनी गैंग चला रहा था। विदेश में रहते हुए भी वह आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था। आरोपी को बहादुरगढ़ कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे छह दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब रिमांड के दौरान उससे कई महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाने की तैयारी में है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here