डबवाली | उपमंडल के गांव शेरगढ़ में शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। झोंपड़ी में लगी आग में झुलसने से हंसराज का दो वर्षीय बेटा विश्वास जिंदगी की जंग हार गया।
चाय बनाते समय लगी आग, मासूम चपेट में आया
सिटी थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि देर शाम झोंपड़ी में आग लगने की सूचना मिली थी। शुरुआती जांच में सामने आया कि चाय बनाते समय झोंपड़ी में अचानक आग भड़क गई। घटना के समय हंसराज की पत्नी सुनीता झोंपड़ी में मौजूद नहीं थीं, लेकिन उनका छोटा बेटा विश्वास अंदर था और आग की लपटों में घिर गया।
सुनीता के चिल्लाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बच्चे को बाहर निकाल कर तुरंत अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे एम्स बठिंडा रेफर किया, लेकिन वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।







