सिरसा | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को सिरसा के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे। अपने दौरे की शुरुआत उन्होंने शहीद सूबेदार बलदेव सिंह के घर जाकर परिवार से मुलाकात और शोक संवेदना प्रकट कर की। बता दें कि सूबेदार बलदेव सिंह सियाचिन में ड्यूटी के दौरान ऑक्सीजन की कमी के कारण शहीद हो गए थे।
चार बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन
मुख्यमंत्री सैनी ने जिले में 61.33 करोड़ रुपये की लागत से तैयार चार विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें सिरसा में लगभग 25 करोड़ रुपये से बना नया पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस, 10 करोड़ रुपये की लागत से रोडी ब्रांच से निकलने वाली गुडा राजवाहा, 7 करोड़ रुपये से निर्मित डबवाली रजवाहा, और 20 करोड़ रुपये से तैयार सीडीएलयू का ब्लॉक नंबर पांच शामिल हैं।
नशे के खिलाफ अभियान तेज
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नशे के खिलाफ सरकार के अभियान को लेकर भी बात की। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया है। इसके साथ ही गांवों के सरपंचों से लेकर पुलिस थानों के एसएचओ तक सभी की एसीआर (वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट) तैयार की जा रही है। जो अधिकारी और कर्मचारी नशे के खात्मे में योगदान दे रहे हैं, उनके अंक बढ़ाए जा रहे हैं, वहीं जिन इलाकों में नशा बिक रहा है, वहां नेगेटिव मार्किंग की जा रही है।
आतंकवाद पर सख्त रुख
आतंकवादी हमलों से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि प्रदेश में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि वीजा पर आए संदिग्ध व्यक्तियों को भी ट्रेस किया जा रहा है। उन्होंने साफ कहा कि हरियाणा में देश विरोधी तत्वों के लिए कोई जगह नहीं है। पहलगाम में हुई घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा और अब समय आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई का है।







