Home Business/Education हरियाणा में बढ़ती गर्मी को देखते हुए शिक्षा निदेशालय ने जारी किए...

हरियाणा में बढ़ती गर्मी को देखते हुए शिक्षा निदेशालय ने जारी किए दिशा-निर्देश, स्कूलों में पानी पीने के लिए बजेगी घंटी

346
0

चंडीगढ़  | हरियाणा में भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए शिक्षा निदेशालय ने बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। राज्य के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को इन निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं।

विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर कड़े निर्देश

निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्थिति में विद्यार्थियों को धूप में न बैठाया जाए और न ही खुले आसमान के नीचे कोई कार्यक्रम आयोजित किया जाए। सभी विद्यालयों में पीने के स्वच्छ पानी की उचित व्यवस्था अनिवार्य कर दी गई है। साथ ही स्कूलों को निर्देश दिया गया है कि दिन में कम से कम तीन बार पानी पीने की याद दिलाने के लिए विशेष घंटी बजाई जाए।

कक्षाओं को गर्म हवाओं से बचाने के उपाय

विद्यालयों को सलाह दी गई है कि कक्षाओं की खिड़कियों को एल्युमिनियम फॉयल, गत्ते या पर्दों से ढककर गर्म हवाओं से सुरक्षित रखा जाए। इसके अलावा यह भी हिदायत दी गई है कि बच्चों को बंद वाहनों में अकेला न छोड़ा जाए। घर से बाहर निकलने पर विद्यार्थियों को सिर ढकने और संतुलित आहार लेने की भी सलाह दी गई है, ताकि गर्मी से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव हो सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here