Home Haryana चरखी दादरी: फोगाट खाप पंचायत में डीजे, आतिशबाजी और मृत्युभोज पर लगाया...

चरखी दादरी: फोगाट खाप पंचायत में डीजे, आतिशबाजी और मृत्युभोज पर लगाया प्रतिबंध, नशे के खिलाफ अभियान का ऐलान

218
0

चरखी दादरी | जिले के स्वामी दयाल धाम में रविवार को फोगाट खाप की सर्वजातीय पंचायत का आयोजन किया गया। खाप प्रधान सुरेश फोगाट के नेतृत्व में हुई इस पंचायत में कई अहम सामाजिक मुद्दों पर चर्चा की गई। पंचायत ने विवाह समारोहों में डीजे और आतिशबाजी पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने के साथ-साथ मृत्युभोज पर भी रोक लगाने का फैसला लिया। वहीं, युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए विशेष अभियान चलाने की भी घोषणा की गई।

इन विषयों पर हुआ विचारविमर्श

पंचायत में डीजे बजाने, शादी-ब्याह में आतिशबाजी, मृत्युभोज की परंपरा, युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति, प्रेम विवाह और लिव इन रिलेशनशिप जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि फोगाट खाप से जुड़े सभी गांवों में इन गतिविधियों पर सख्त पाबंदी रहेगी। इसके लिए हर गांव में कमेटियां गठित की जाएंगी जो नियमों का पालन सुनिश्चित करेंगी।

युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता

पंचायत में युवाओं में फैल रही नशे की लत को लेकर गहरी चिंता जताई गई। तय किया गया कि युवा वर्ग को नशे से दूर कर खेलकूद व सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित किया जाएगा। नशे के खिलाफ इस मुहिम में प्रशासन का भी सहयोग लिया जाएगा।

लिवइन रिलेशनशिप को बताया समाज के लिए घातक

पंचायत में प्रेम विवाह और लिव-इन रिलेशनशिप पर भी गंभीर चर्चा हुई। पंचायत के सदस्यों ने लिव-इन रिलेशनशिप को समाज के ताने-बाने के लिए सबसे बड़ा खतरा बताया और इसे रोकने के लिए कानूनी बदलाव की मांग करने का निर्णय लिया। पंचायत ने तय किया कि सरकार से इस मुद्दे पर ज्ञापन देकर आवश्यक संशोधन की मांग की जाएगी, और जरूरत पड़ने पर आंदोलन भी किया जाएगा।

प्रेम विवाह के संबंध में पंचायत ने कहा कि यदि युवक-युवती शादी करना चाहते हैं तो दोनों पक्षों के परिवारों की सहमति अनिवार्य होनी चाहिए।

पंचायत ने सामूहिक रूप से सामाजिक मर्यादाओं और संस्कारों को बचाने की दिशा में एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here