Home Haryana शादी के चार माह बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, पति पर प्रताड़ना...

शादी के चार माह बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, पति पर प्रताड़ना के आरोप

4
0

नारनौल। महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल क्षेत्र में शादी के चार महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। 24 वर्षीय मेघा शर्मा का शव उसके मायके में बने पानी के टैंक से बरामद होने के बाद परिवार में मातम छा गया। मामले में मृतका के परिजनों ने पति पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार मेघा शर्मा की शादी 20 अप्रैल 2026 को जोरासी गांव निवासी धीरज के साथ हुई थी। धीरज मानेसर स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत है। मेघा ने एमएससी और बीएड की पढ़ाई पूरी की थी और अपने भविष्य को लेकर कई सपने संजोए हुए थी। परिवार का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद ही उसे ससुराल में मानसिक रूप से परेशान किया जाने लगा था।

मृतका की छोटी बहन रजनी ने आरोप लगाया कि धीरज अक्सर मेघा पर मानसिक दबाव बनाता था। वह दूसरी महिलाओं की तस्वीरें और वीडियो दिखाकर उसकी तुलना करता था तथा कथित तौर पर उसे अपनी इच्छा के अनुसार व्यवहार करने के लिए मजबूर करता था। विरोध करने पर उसके साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की जाती थी।

परिवार के मुताबिक घटना से एक दिन पहले धीरज मेघा को उसके मायके छोड़कर गया था।  रात दोनों बहनें एक ही कमरे में सोई थीं। इस दौरान मेघा ने अपनी वैवाहिक जिंदगी में चल रही परेशानियों और मानसिक तनाव के बारे में विस्तार से बताया था। परिवार ने उसे धैर्य रखने और जरूरत पड़ने पर कानूनी मदद लेने की सलाह दी थी।

सुबह जब परिवार के सदस्य जागे तो घर में बने पानी के टैंक का ढक्कन खुला मिला। मेघा कमरे में नहीं थी। तलाश करने पर उसका शव टैंक के अंदर मिला। परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शहर थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका के पिता लालाराम की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। परिजन मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here