चंडीगढ़ | हरियाणा में ग्रुप C और D पदों के लिए कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) का आयोजन मई के आखिरी सप्ताह में किए जाने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक, रजिस्ट्रेशन पोर्टल भी अगले हफ्ते से खुल सकता है। 5 मई को होने वाली कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस संबंध में बड़ा फैसला ले सकते हैं।
विज्ञापन जारी कर दी जाएगी योग्यता की जानकारी
पोर्टल शुरू होने से पहले हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) की ओर से एक आधिकारिक विज्ञापन जारी किया जाएगा, जिसमें पात्रता सहित अन्य सभी जरूरी विवरण साझा किए जाएंगे।
गौरतलब है कि लाखों अभ्यर्थी काफी समय से इस परीक्षा का इंतजार कर रहे हैं। हरियाणा में पिछला CET एग्जाम नवंबर 2022 में आयोजित किया गया था, जिसके बाद से परीक्षा नहीं करवाई गई है।
28 से 30 मई के बीच हो सकती है परीक्षा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हाल ही में विधानसभा सत्र के दौरान ऐलान किया था कि CET परीक्षा मई में आयोजित करवाई जाएगी। इसके बाद से मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) में लगातार इस परीक्षा को लेकर तैयारियों की समीक्षा बैठकें हो रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, बीते शुक्रवार को हुई एक बैठक में यह तय किया गया कि परीक्षा 28 मई से 30 मई के बीच करवाई जा सकती है।







