रोहतक | हरियाणा के रोहतक स्थित पीजीआई में एक 8 साल की बच्ची को करीब 15 दिन पहले एंटी रेबीज वैक्सीन दी गई थी। इसके बाद 21 मार्च को बच्ची अपने परिवार के साथ अमेरिका गई, जहां उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। बच्ची को सांस लेने में कठिनाई होने लगी, और 5 दिन बाद उसकी मौत हो गई।
अमेरिका के सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (CDC) से प्राप्त पत्र के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मामले की जांच का आदेश दिया है। जांच दल ने वैक्सीन के बॉक्स को सील कर दिया है।
श्रीनगर कॉलोनी, रोहतक के निवासी यशदीप ने बताया कि उनकी बेटी दिशा 10 मार्च को गली में खेलते वक्त कुत्ते के काटने से घायल हो गई थी। उसे तुरंत पीजीआई लाया गया, जहां आपातकालीन विभाग में उसे एंटी रेबीज वैक्सीन की पहली डोज दी गई। दूसरी डोज 15 मार्च और तीसरी डोज 17 मार्च को दी गई।
अब इस मामले को लेकर जांच की जा रही है, ताकि यह पता चल सके कि क्या वैक्सीनेशन के दौरान कोई चूक हुई थी।







