अंबाला | जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकवादी हमले को लेकर लोगों का गुस्सा लगातार उभरकर सामने आ रहा है। अंबाला जिले के साहा क्षेत्र में गुरुवार को आक्रोशित लोगों ने विरोध प्रदर्शन के दौरान एक चिकन बिरयानी की दुकान के सामने खड़ी रेहड़ी में आग लगा दी। वहीं, एक अन्य रेहड़ी को ईंट-पत्थरों से क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
प्रदर्शन के दौरान सैकड़ों लोग साहा के मुख्य चौक पर एकत्र हुए और आतंकवादी हमले के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने ‘जय श्रीराम’ और ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’ के नारे लगाते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। स्थानीय स्तर पर कुछ दुकानदारों ने भी अपनी दुकानें बंद रखकर इस हमले के प्रति विरोध जताया।
गौरतलब है कि मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए इस आतंकी हमले में 26 लोगों की जान गई है और 17 अन्य घायल हुए हैं। हमले का शिकार हुए अधिकांश लोग पर्यटक थे, जो अपने परिवारों के साथ वहां घूमने आए थे। यह हमला 2019 के पुलवामा हमले के बाद देश में सबसे बड़ा आतंकी हमला माना जा रहा है।







