कुरुक्षेत्र, 3 अप्रैल — थानेसर विधायक एवं पूर्व मंत्री कांग्रेस नेता अशोक अरोड़ा ने हरियाणा सरकार द्वारा फर्जी बीपीएल कार्ड धारकों पर कार्रवाई करने के मामले को लेकर कहा कि चुनाव के समय तो सरकार ने वोट लेने के नाम पर पहले बना दिए, अब वोट लेने के बाद सरकार कह रही है कि अगर ठीक नहीं करवाए तो उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगे। केवल वोट के लिए हरियाणा सरकार ने जनता का पैसा लूटने का काम किया।अरोड़ा ने कहा कि विधानसभा के बजट सत्र के दौरान उन्होने क्षेत्र के लोगों की मांगों को लेकर आवाज उठाई। पांच ध्यानाकर्षण प्रस्ताव उन्होने लगाए जिसमे से चार प्रस्ताव कुरुक्षेत्र से जुड़े हुए थे।
अशोक अरोड़ा ने कहा कि भाजपा द्वारा काफी दिनों से प्रचार किया जा रहा था कि कुरुक्षेत्र का रिंग रोड बनेगा। इसको लेकर उन्होने विधानसभा मे प्रश्न लगाया, इस प्रश्न पर सरकार की ओर से स्पष्ट जवाब दिया गया कि अभी कुरुक्षेत्र के रिंग रोड को कोई प्लान नही है। इस पर उसने कुरुक्षेत्र के बाईपास का मुद्दा उठाया लेकिन सरकार की तरफ से कहा गया कि पिहोवा-लाडवा रोड के साथ बाईपास बनाया जाएगा। इस पर उन्होने मार्ग को चौडा करने के लिए कहा तो सरकार ने आश्वासन दिया है कि मार्ग को चौडा किया जाएगा।
अस्पताल के प्राईवेट कमरों में सरकारी दफ्तर चल रहे हैं
एलएनजेपी का जिक्र करते हुए अशोक अरोड़ा ने कहा कि अस्पताल के प्राईवेट कमरों में सरकारी दफ्तर चल रहे हैं, ऐसे मे मरीज कहां अपना ईलाज करवाएं। उन्होने सुझाव भी दिया था कि जब तक बिल्डिंग तैयार नही होती तब तक इन एडमिनिस्टे्रटिव ब्लॉक को किराए की जगह मे शिफ्ट कर दिया जाए लेकिन अभी तक ऐसा नही किया। कुरुक्षेत्र के ऐसे हालात हैं कि पुराने शहर में पानी की किल्लत हो रही है। पिछले सालों मे सेक्टर तीन में खराब पानी के चलते लोगों को पीलिया हो गया था। सरकार की जिम्मेवारी है जनता को पीने का पानी उपलब्ध करवाया जाए।
अरोड़ा ने कहा कि गेहूँ का सीजन शुरु हो रहा है। वे खरीद पर पूरी नजर रखेंगें और किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत न आए। इसके लिए मंडियों का दौरा भी करेंगें। नगर परिषद चेयरपर्सन द्वारा पदभार संभालने की बधाई देते हुए कहा कि उन्हे चाहिए कि नगर परिषद मे फैले भ्रष्टाचार को खत्म करने का काम करे। जनता की भलाई के लिए काम करे। वे भी समय समय पर बैठकों में जाएंगें। वे कुरुक्षेत्र के विकास के लिए कार्य करेंगें।







