झज्जर | हरियाणा के झज्जर जिले से एक और दुखद खबर सामने आई है। जिले के साल्हावास गांव निवासी 20 वर्षीय अग्निवीर नवीन जाखड़ जम्मू-कश्मीर के बारामूला क्षेत्र में शहीद हो गए। इस खबर के पहुंचते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। नवीन का पार्थिव शरीर आज शाम करीब 4 बजे उनके पैतृक गांव लाया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवीन जाखड़ को सैन्य अभ्यास के दौरान गोली लग गई, जिससे उनकी शहादत हुई। उन्होंने करीब डेढ़ साल पहले अग्निवीर योजना के तहत भारतीय सेना में भर्ती ली थी। हाल ही में वे छुट्टी बिताकर ड्यूटी पर लौटे थे।
नवीन के पिता खेती-बाड़ी करते हैं, जबकि बड़े भाई लोकेश जाखड़ भी भारतीय नौसेना में अग्निवीर के रूप में सेवा दे रहे हैं। परिवार का सेना से गहरा जुड़ाव है, और गांव में नवीन की शहादत को लेकर गर्व के साथ गहरा शोक भी देखने को मिल रहा है।







