सोनीपत, 21 मार्च –प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में सबको अच्छी सुविधाएं मुहैया हो, सबका समय पर इलाज हो और मरीज व उनके परिजनों को किसी तरह की असुविधा का सामना ना करना पड़ें, इस उद्देश्य के साथ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बडौली सोनीपत के सिविल अस्पताल में औचक निरिक्षण करने पहुंचे। अस्पताल प्रशासन के खिलाफ लगातार मिल रही शिकायतों के बाद भाजपा अध्यक्ष ने अस्पताल परिसर का जायजा लिया और इलाज कराने आए मरीजों और उनके परिजनों से मुलाक़ात कर उनका हाल चाल जाना।
अस्पताल प्रशासन को दिए सख्त दिशा निर्देश
मोहनलाल बडौली ने मरीजों व उनके परिजनों से अस्पताल की व्यवस्थाओं और सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। इस दौरान दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने आए लोगों ने भाजपा अध्यक्ष को दिव्यांग पत्र बनने में देरी होने की जानकारी दी। इसके बाद भाजपा अध्यक्ष ने नाराज़गी जताते हुए अस्पताल प्रशासन को आड़े हाथों लिया और दो टूक कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीज के साथ किसी भी तरह की असुविधा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की सोच है कि सरकारी अस्पतालों में सभी को मरीजों को प्राइवेट अस्पतालों जैसी सुविधाएं मिलनी चाहिए। अस्पताल प्रशासन को फटकार लगाते हुए उन्होंने कहा कि वो ये सुनिश्चित करें कि किसी भी मरीज या उनके परिजन को किसी तरह की परेशानी नहीं हो। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि नायब सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर गम्भीर है और निरंतर बेहतर सुविधाओं के लिए प्रयासरत रहती है , इस बजट में भी सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र पर विशेष फोकस कर बजट बढ़ाने का काम किया है, नए डॉक्टरों की नियुक्तियां की गई है। प्रदेशाध्यक्ष बडौली ने अस्पताल परिसर में मौजूद सभी मरीजों को आश्वस्त किया कि हरियाणा सरकार आमजन के स्वास्थ्य के प्रति सजग है और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं देने के लिए प्रयासरत है।







