Home Haryana राष्ट्रीय महिला आयोग की अनोखी पहल..शादी के बाद न हो नवदंपत्ति में...

राष्ट्रीय महिला आयोग की अनोखी पहल..शादी के बाद न हो नवदंपत्ति में अनबन, केंद्र में मिलेगी सलाह

183
0
गुरुग्राम, 8 मार्च – प्रदेश का पहला विवाह पूर्व परामर्श केंद्र तेरे मेरे सपने गुड़गांव के सिविल अस्पताल में शुरू किया गया। यहां वैवाहिक जीवन को सफलतापूर्वक जीने के लिए और आए दिन होने वाले विवादों को रोकने के लिए सलाह दी जाएगी। इस दौरान राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य ममता ने कहा कि आजकल देखने में आया है कि शादी के कुछ ही दिनों के बाद नव दंपत्ति और उनके परिवारों में मामूली बात पर विवाद शुरू हो जाता है। हालात यहां तक हो जाते हैं कि कुछ ही समय में उनके बीच की दूरियां तलाक तक पहुंच जाती हैं।समाज को इस दिशा में जाने से रोकने और नवदंपत्ति को सुखी और वैवाहिक जीवन खुशी से व्यतीत करने के लिए इस परामर्श केंद्र में सलाह दी जाएगी।
प्रदेश के पहले विवाह पूर्व परामर्श केंद्र की हुई शुरुआत
राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य ममता कुमारी ने विवाह पूर्व परामर्श केंद्र का  शुभारंभ करने के बाद अपने संबोधन में कहा कि आज की आधुनिकता भरी जीवनशैली में जब हमारी वैवाहिक जीवन की समृद्ध व सुदृढ़ परंपरा किसी ना किसी रूप में प्रभावित हो रही है। ऐसे में राष्ट्रीय महिला आयोग का तेरे मेरे सपने जैसा सशक्त व सूझबूझ के साथ किया गया अनूठा व सार्थक प्रयास है। जिसमें समाज की भी विषेश भूमिका रहेगी। उन्होंने कहा कि आयोग का प्रयास है कि पारिवारिक तानेबाने की जो हमारी सुंदर संरचना रही है। उसको बरकरार रखते हुए परिवार से समाज व समाज से राष्ट्र निर्माण की परिपाटी पर हम आगे बढ़े। ममता कुमारी ने कहा कि आयोग ने आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में देश के 9 राज्यों में 21 स्थानों पर विवाह पूर्व परामर्श केंद्र की शुरुआत की है।
प्रदेश के सभी 22 जिलों में की जाएगी परामर्श केंद्र की स्थापना-रेणू भाटिया 
इस अवसर पर हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेणू भाटिया ने कहा कि समाज के उत्थान के लिए व युवाओं को नई दिशा देने के लिए इस केंद्र की स्थापना की गई है। जल्द ही पूरे प्रदेश के सभी 22 जिलों में इस तरह के केंद्रों की शुरूआत की जाएगी ताकि दंपत्तियों के बीच हो रहे विवादों को रोकने और परिवारों के मनमुटाव को कम करने में सहायता मिले। जब दोनों पक्षों में ही कोई विवाद नहीं रहेगा तो देश के विकास में भी सहायता मिलेगी।
इस केंद्र की शुरूआत से एक आस जगी है कि आए दिन नव दंपतियों के जीवन में होने वाली उठापटक से छुटकारा मिल जाएगा और दंपत्ति किसी समस्या का समाधान तलाक लेकर नहीं बल्कि समस्या को खत्म करके कर सकेंगे। जल्द ही इन केंद्रों के लिए नई गाइडलाइन भी तैयार कर दी जाएंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here