Home Sonipat अमेरिका में डिपोर्ट होकर आए सोनीपत के युवक के पिता की शिकायत...

अमेरिका में डिपोर्ट होकर आए सोनीपत के युवक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज

142
0
सोनीपत,24 फरवरी-हरियाणा पुलिस अब विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वालों के खिलाफ एक्शन मोड़ में नजर आ रही है.सोनीपत में अमेरिका से डिपोर्ट होकर आए खानपुर खुर्द के युवक के पिता ने करनाल के एजेंट के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि अमेरिका भेजने के नाम पर 40 लाख रुपये लिए गए। इससे पहले तीन हजार डॉलर देकर भी पांच लाख रुपये लिए गए थे। बेटे के वापस आने के बाद कई युवकों ने पीडि़त के घर आकर आरोपी के खिलाफ शिकायत नहीं देने की धमकी भी दी है.पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वैध तरीके से बच्चों को अमेरिका भेजने की कही थी बात 
मिली जानकारी के अनुसार गांव खानपुर खुर्द निवासी किसान नरेंद्र कुमार ने बरोदा थाना पुलिस को बताया कि उनके तीन बेटियां व एक बेटा निशांत है। बेटा 12वीं कक्षा तक पढ़ा है। उन्होंने बेटे को विदेश भेजने के नाम पर मार्च, 2024 में अपने रिश्तेदार करनाल के गांव नरुखेड़ी निवासी विक्रम से बात की थी। विक्रम ने कहा था कि उनके गांव का राजेश उर्फ कांशी बेटे निशांत को विदेश भेज देगा।उन्होंने उससे बातचीत की थी। जिस पर राजेश ने कहा था कि वह वैध तरीके से बच्चों को अमेरिका भेजता है।इसके लिए उसने 40 लाख रुपये देने की बात की थी और कहा था कि हवाई यात्रा से अमेरिका भिजवा देगा।चार-पांच दिन बाद ही उसने बेटे का पासपोर्ट मंगवा लिया था। उसने वीजा और टिकट बनवाने की बात की थी। उसके बावजूद बेटे को डंकी रास्ते से अमेरिका भेजा गया। जिसके चलते बेटा पकड़ा गया और अब उसे डिपोर्ट कर दिया गया। बेटे के आते ही बीमार होने के चलते उन्होंने अब पुलिस को शिकायत दी है।
तीन हजार डॉलर दे पांच लाख रुपये लिए पीडि़त ने
 बताया कि मई, 2024 में राजेश उनके घर पर तीन हजार डॉलर लेकर आया था। उन्हें देने के बाद उनसे नकद रुपये मांगे थे। तब उन्होंने गोहाना मंडी के आढ़ती कृष्ण लाल की दुकान से 5 लाख रुपये लेकर उसे दिए थे।आरोपी ने 25 मई, 2024 को बेटे को दिल्ली भेजने को कहा था।वहां पर बेटे को एक व्यक्ति ने पासपोर्ट, दुबई का वीजा व टिकट दिया था। 27 मई, 2024 की रात को बेटा दुबई के लिए गया था। वहां पहुंचने पर राजेश ने उन्हें होटल का पता दिया था। बेटा डेढ़ माह दुबई रहकर लौट आया था। दो दिन दिल्ली रहने के बाद श्रीलंका भेज दिया। वहां भी 15 दिन रहकर मुंबई लौट आया।20 दिन मुंबई रहकर बेटा घर आ गया था, और उसके बाद शुरू हुआ था अमेरिका जाने का सफर लेकिन अब निशांत को डिपोर्ट कर दिया गया है और उसके पिता की शिकायत पर राजेश के खिलाफ मुदकमा दर्ज कर लिया गया है।
सोनीपत पुलिस कर रही है मामले की गंभीरता से जांच 
इस मामले की जानकारी देते हुए एसीपी ऋषिकांत ने बताया कि गांव खानपुर खुर्द के रहने वाले नरेंद्र नाम के शख्स ने अपने बेटे को अमेरिका भेजने के नाम पर ठगी होने की शिकायत दी है.अब राजेश नरवाल निवासी करनाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है, नरेंद्र के बेटे निशांत को डिपोर्ट कर दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here