16 दिसम्बर, यमुनानगर –यमुनानगर में आबकारी और सेल टैक्स विभाग की बिल्डिंग पूरी तरह से कंडम हो चुकी है। बिल्डिंग के हालात ऐसे हैं कि वह कभी भी गिर सकती है जिससे एक बड़ा हादसा हो सकता है। लेकिन मजबूरीवश कर्मचारियों को वहां बैठकर काम करना पड़ रहा है।
दीवारों से निकले हैं पेड़, छतों से कभी भी गिर जाता है सीमेंट
बता दें कि विभाग की बिल्डिंग की छत से सीमेंट कभी भी टूटकर नीचे गिर जाता है, दीवारों पर पेड़ निकल आए हैं। बाथरूम की टाइल्स पूरी तरह से काली हो रही है। ऐसे में आप उम्मीद लगाइए कि इन बिल्डिंगों के नीचे काम करना कितना जान जोखिम में डालना है। बारिश के दिनों में छतों से पानी टपकने लगता है जिससे सरकारी रिकॉर्ड भी खराब होने का डर बैठा रहता है। इन बिल्डिंगों में काम करने वाले कर्मचारियों का कहना है कि इस बिल्डिंग को लोक निर्माण विभाग की तरफ से भी करीब 20 साल पहले जर्जर घोषित किया जा चुका है। लेकिन इन बिल्डिंगों की मरम्मत सही समय पर नहीं होती। इस मामले को लेकर जब यमुनानगर के डीसी कैप्टन मनोज कुमार से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मुझे भी इस बारे में पता लगा है हमने इन दोनों विभाग के सीनियर अधिकारियों से किराए पर दूसरी बिल्डिंग लेने को कहा है और जल्द ही प्लॉट भी इसके लिए आवंटित किया जाएगा।







