रोहतक,10 दिसंबर – रोहतक के जिला सिविल अस्पताल में तैनात डॉक्टर के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। डॉक्टर आपातकालीन विभाग में ड्यूटी पर था। इसी दौरान कार में सवार होकर आए तीन युवकों ने उसके साथ कहासुनी की और मारपीट की। जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दे दी।
आरोपी युवकों के खिलाफ पुलिस में दी शिकायत
सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉ. पुष्पेंद्र ने आर्य नगर थाने में शिकायत दी। जिसमें उन्होंने बताया कि ऑन ड्यूटी डॉक्टर के साथ आपातकालीन विभाग के बाहर मारपीट की गई है। उन्होंने बताया कि डॉ. इंद्रजीत 8 दिसंबर की रात करीब पौने 12 बजे जिला नागरिक अस्पताल में ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान आपातकालीन विभाग के गेट के पास तीन लोगों ने उनके साथ मारपीट की। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने पहले डॉक्टर के साथ कहासुनी हो गई। जिसके बाद आरोपी मारपीट पर उतारू हो गए। इस हमले में डॉ. इंद्रजीत को चोटें भी आई है। बताया जा रहा है कि तीनों आरोपी एक कार में सवार होकर आए थे। जो हमला करने के बाद अपनी कार को लेकर फरार हो गए। इस हमले में डॉ. इंद्रजीत के पैर व अन्य शरीर पर चोटें आई है। इधर, मामले की शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं आरोपियों की तलाश की जा रही है।







