करनाल, 27 सितम्बर –राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आज असंध विधानसभा के गांव जुंडला में चुनावी सभा को संबोधित किया। यहां आयोजित जनसभा में भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर जमकर जुबानी ह.मला बोला.उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी कटाक्ष की. साथ ही प्रदेश भाजपा सरकार के काम गिनवाए.
राजस्थान के मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा लूट और झूठ की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में जब उनकी सरकार थी तो किस तरह से यह लोग नौकरियां देने में भ्रष्टाचार करते थे और किसानों की जमीनों को हड़पने का काम करते थे। यही नहीं मुआवजे के नाम पर किसानों को दो-दो रुपए के चेक दिए जाते थे। भजनलाल ने कहा कि 10 साल पहले का कांग्रेस का शासन देखिए और हमारे 10 साल का शासन देखकर आपको अंतर पता चल जाएगा कि किस तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में हरियाणा ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है।
प्रदेश में सड़कों के जाल का जिक्र करते हुए भजनलाल ने कहा कि एक समय था जब बारिश होने पर लोगों को रिश्तेदारी में ही रुकना पड़ता था लेकिन आज प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत प्रत्येक गांव को सड़क मार्ग से जोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने संकल्प पत्र को लेकर काम करती है, हम 2014 और 19 में जो घोषणा पत्र लेकर आए उसे पूरा किया लेकिन कांग्रेस के पिछले घोषणा पत्रों को उठाकर देख लीजिए, उसने जो भी घोषणा पत्र जारी किया है उसमें से कोई भी वायदा पूरा नहीं किया।







