भिवानी, 19 सितंबर : भिवानी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टियों के सांझे उम्मीदवार कामरेड ओमप्रकाश ने बुधवार को विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया.वे घंटाघर से कृष्णा कॉलोनी निर्माणाधीन रेलवे पुल के धरना स्थल पर पहुंचे। इसके उपरांत उन्होंने स्थानीय नई अनाज मंडी में डोर-टू-डोर चुनाव प्रचार किया और व्यापारियों से वोट की अपील की। जनसपंर्क अभियान के दौरान अंबेडकर कालोनी में लोगों ने भव्य स्वागत किया।इस मौके पर संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रीय नेता और मध्य प्रदेश से दो बार विधायक डा. सुनीलम साथ रहे.
इस मौके पर कामरेड ओमप्रकाश ने कहा कि भाजपा ने अपने 10 वर्षो के शासनकाल में आमजन हित में कोई कार्य नहीं किया और भाजपा की अनदेखी के चलते आज पूरा प्रदेश विकास से महरूम है तथा विकास, रोजगार, प्रतिव्यक्ति आय, निवेश में पिछड़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का लोकतंत्र व संविधान में कतई विश्वास नहीं है। यह सिर्फ अपने हकों की आवाज उठाने वालों को लाठी-डंडों के सहारे चुप करना जानती है। डा. सुनीलम भाजपा सरकार ने युवाओं को रोजगार से, लोगों को सामाजिक न्याय वंचित रखा। जिसके चलते आज प्रदेश भर में भाजपा के खिलाफ शासन विरोधी लहर है तथा यह शासन विरोधी लहर भिवानी में तो और भी अधिक है तथा भिवानी सहित प्रदेश भर की जनता एक मजबूत प्रतिनिधि को चुनना चाहती है।
चरमराई मूलभूत सुविधाओं को पटरी पर लाना प्राथमिकता
कामरेड ओमप्रकाश ने कहा कि भिवानी में शिक्षा, स्वास्थ्य, सडक़, स्वच्छता,कानून व्यवस्था, कृषि, मनरेगा सहित अन्य मूलभूत समस्याएं गहराई हुई है। ऐसे में भिवानी विधानसभा क्षेत्र की जनता यदि उन्हे यहां से एक मौका देती है तो वे प्राथमिकता के आधार मूलभूत समस्याओं का समाधान कर एक जनप्रतिनिधि की असली ताकत व कार्य दिखाने का काम करेंगे। कामरेड ओमप्रकाश ने कहा कि उनका उद्देश्य भिवानी विधानसभा क्षेत्र में चरमराई मूलभूत सुविधाओं को पटरी पर लाना है, ताकि इस क्षेत्र को विकास के पथ पर अग्रसर बनाया जा सकें। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य लोगों को भाईचारा खराब कर उन्हे बांटना नहीं, बल्कि तमाम लोगों को एक साथ लेकर समग्र विकास की विचारधारा के साथ चलना है। इस दौरान कामरेड ओमप्रकाश ने लोगों से आह्वान किया कि वे इस एक भिवानी विधानसभा क्षेत्र से उन्हे मौका दे, ताकि यहां के लोगों की विभिन्न समस्याओं का स्थायी समाधान किया जा सकें।







