फतेहाबाद, 22 अगस्त – लोकसभा चुनाव में भाजपा व जजपा नेताओं का विरोध कर चुके सरपंच अब विधानसभा चुनाव में विरोध की तैयारियों में जुट गए हैं। सरपंच एसोसिएशन हरियाणा ने ऐलान कर दिया है कि टिकट बंटवारे के साथ ही सरपंच अपने अपने गांवों में भाजपा-जेजेपी उम्मीदवारों के खिलाफ हवा बनाएंगे। फतेहाबाद के टोहाना में प्रेस वार्ता करते हुए सरपंच एसोसिएशन हरियाणा के अध्यक्ष रणबीर गिल ने पूर्व पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली पर भी निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस को भी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बबली को कांग्रेस टिकट देती है तो पूरे प्रदेश के सरपंच कांग्रेस केे विरोध में आ जाएंगे।
रणबीर गिल ने कहा कि लोकसभा चुनाव में सरपंचों के साथ-साथ किसान, मजदूर हर वर्ग ने भाजपा-जजपा नेताओं का गांवों में विरोध किया, जिस कारण ग्रामीण क्षेत्रों में सत्तासीन पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा। अब सरपंचों ने फैसला लिया है कि पूरे हरियाणा की ग्र्राम पंचायतें भाजपा व जेजेपी नेताओं का चुनाव में विरोध करेंगे। सरपंच अपने गांवों में हर व्यक्ति के पास जाएंगे और सरकार की नीतियां बताकर सरकार के विरोध में लाएंगे। यह तय करेंगे कि जो भी नेता सरपंचों व ग्राम पंचायतों का अपमान करेगा, वह दोबारा सत्ता का मुंह न देखे। उन्होंने कहा कि कांग्र्रेस यदि भाजपा व जेजेपी से आए नेताओं को टिकट देती है तो यह 6228 ग्राम पंचायतों, सरपंचों व जनता से धोखा होगा, जो सहन नहीं होगा। इसका खामियाजा कांग्रेस को भुगतना पड़ेगा। खासकर पूर्व पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली को टोहाना से कांग्रेस टिकट देती है तो पूरे प्रदेशभर में 6228 ग्राम पंचायतें कांग्रेस के विरोध में उतरेंगी। हर विधानसभा सीट पर कांग्रेस को इसका नतीजा देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरपंचों को अपमानित करने वाले बबली के साथ समझौता नहीं होगा। जाखल के 45 गांव स्पष्ट कर चुके हैं कि बबली जाखल के गांवों में घुस नहीं सकती, इसलिए कांग्रेस जीती हुई टोहाना सीट को गंवाने का काम करेगी, यदि बबली को उम्मीदवार बनाया गया।







