Home Haryana मांगों को लेकर सफाई और फायर ब्रिगेड कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल...

मांगों को लेकर सफाई और फायर ब्रिगेड कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल शुरू, सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

3
0

अंबाला (अंकुर कपूर)। अपनी लंबित मांगों को लेकर नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर प्रदेशभर में सफाई कर्मचारी और फायर ब्रिगेड कर्मचारी तीन दिवसीय हड़ताल पर चले गए हैं। इसी क्रम में अंबाला में भी कर्मचारियों ने नगर परिषद कार्यालय के बाहर धरना देकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई।

नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रदेश उपाध्यक्ष सेवा राम बोहत की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में सफाई कर्मियों और फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने भाग लिया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि सरकार ने पहले हुए समझौते को लागू नहीं किया, जिसके चलते उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ा।

प्रदेश उपाध्यक्ष सेवा राम बोहत ने कहा कि 13 मई को सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच जो समझौता हुआ था, उस पर अब तक अमल नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने ही वादों से पीछे हट रही है, जिससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। उन्होंने बताया कि मांगों को लेकर सरकार के साथ दो दौर की बैठकें भी हुईं, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया।

कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा द्वारा दिए जाने वाले हर आंदोलनात्मक कार्यक्रम में अंबाला के कर्मचारी पूरी ताकत के साथ भाग लेंगे।

हड़ताल का असर नगर परिषद की सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। सफाई कर्मचारी काम पर नहीं पहुंचे, जिसके कारण शहर में सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। बरसात के मौसम को देखते हुए कर्मचारियों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो कई इलाकों में कूड़ा उठान और जल निकासी व्यवस्था प्रभावित हो सकती है, जिससे जलभराव की समस्या भी बढ़ सकती है।

फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने भी आंदोलन को समर्थन देते हुए सरकार से कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से लेने की अपील की। उनका कहना है कि लंबे समय से लंबित मुद्दों के समाधान के लिए कई बार सरकार को अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here