Home Haryana हरियाणा में गर्मी का असर तेज, कई शहरों में पारा 35°C पार

हरियाणा में गर्मी का असर तेज, कई शहरों में पारा 35°C पार

12
0

चंडीगढ़। मार्च की शुरुआत के साथ ही हरियाणा में गर्मी का असर तेजी से बढ़ने लगा है। मंगलवार को प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 0.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे तापमान सामान्य से करीब 6.3 डिग्री अधिक पहुंच गया। राज्य के कई जिलों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जिससे लोगों को दिन के समय तेज गर्मी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार महेंद्रगढ़ 37.1 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। इसके अलावा नारनौल में 36.5 डिग्री, हिसार में 36.2 डिग्री, नूंह में 35.9 डिग्री, भिवानी और चरखी दादरी में 35.8 डिग्री तथा गुरुग्राम के विभिन्न मौसम केंद्रों पर 35 से 35.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से लगभग 6.1 डिग्री अधिक है।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि 14 मार्च के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस बदलाव के बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

उधर लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए मौसम विभाग ने किसानों के लिए भी सलाह जारी की है। विभाग ने कहा है कि शुष्क मौसम के कारण फसलों में नमी बनाए रखने के लिए जरूरत के अनुसार सिंचाई करें। साथ ही गेहूं की फसल में पीला रतुआ रोग की नियमित निगरानी करने की भी सलाह दी गई है, ताकि समय रहते बीमारी पर नियंत्रण पाया जा सके।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here