हरियाणा : चन्द्रिका ( TSN)-मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को पंचकूला में आयोजित नव नियुक्त ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर्स के राज्य स्तरीय ओरिएंटेशन प्रोग्राम में प्रदेशभर से आये अध्यापकों को सम्बोधित किया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पेरिस ओलंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में मेडल जीतने के बाद एक बार फिर से 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड प्रतिस्पर्धा में कांस्य पदक हासिल करने पर विख्यात निशानेबाज मनु भाकर को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि पूरे देश को हरियाणा के खिलाड़ियों पर गर्व है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त टी जी टी अध्यापकों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किये। उन्होंने कहा कि अगले दो दिन में पूरी पारदर्शिता के साथ टीजीटी अध्यापकों की वेटिंग लिस्ट के साथ-साथ डिटेल रिजल्ट भी निकाल दिया जाएगा। उन्होंने टीजीटी अध्यापकों को बधाई देते हुए कहा कि इस रिजल्ट में बेटियों ने भव्य प्रदर्शन करते हुए बड़ा स्थान प्राप्त किया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि जनवरी 2024 में 745 पोस्ट का रिजल्ट निकाला गया। फरवरी से लेकर जून माह तक भी हज़ारों की संख्या में सरकारी पदों पर भर्तियां की गई है। जुलाई में हमने 7765 टीजीटी अध्यापकों को नियुक्ति प्रदान की है। नायब सिंह सैनी ने कहा कि बिना खर्ची-बिना पर्ची के मेरिट के आधार पर सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है। वर्तमान सरकार द्वारा गत लगभग 10 वर्षों में 141000 युवाओं को बिना खर्ची-बिना पर्ची के काबिलियत के आधार पर सरकारी नौकरी प्रदान की गई है। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि विपक्ष भी बताएं कि उन्होंने अपने कार्यकाल में क्या किया।







