हरियाणा | हरियाणा के रेवाड़ी जिले से बड़ी खुशखबरी सामने आई है। यहां करीब 2.93 करोड़ रुपये की लागत से छह स्वास्थ्य परियोजनाओं की शुरुआत हो गई है। इनमें उप-स्वास्थ्य केंद्र (SHCs) और ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य इकाई (BPHU) का निर्माण शामिल है।
कहां बन रहे हैं केंद्र?
जाटूसाना ब्लॉक के चौकी नं. 2 गांव, डहिना ब्लॉक के मौतला कलां और नाहड़ ब्लॉक के लूखी गांव में उप-स्वास्थ्य केंद्र बनाए जा रहे हैं। वहीं नाहड़ ब्लॉक के कोसली गांव में ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य इकाई का निर्माण जारी है। इसके अलावा नहरूगढ़ (गामड़ी) और डहिना ब्लॉक के धावना गांव में भी उप-स्वास्थ्य केंद्र विकसित किए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने दी जानकारी
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि सरकार का उद्देश्य है कि ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत किया जाए। इन केंद्रों के बनने से लोगों को नजदीक ही गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं मिलेंगी और इलाज के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।
बेहतर इलाज और नए अवसर
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य ही एक मजबूत समाज की नींव है। इन परियोजनाओं के पूरा होने पर न सिर्फ रेवाड़ी जिले की जनता को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। यह पहल राज्य सरकार की उस व्यापक योजना का हिस्सा है, जिसके तहत पूरे प्रदेश में स्वास्थ्य ढांचे को विस्तार दिया जा रहा है।







