करनाल : चन्द्रिका ( TSN)-पेरिस में आयोजित ओलिंपिक रोइंग स्पर्धा में हरियाणा के कैमला गांव के बलराज पंवार ने क्वार्टरफाइनल के लिए क्वालिफाई किया है.गांव कैमला में जश्न का माहौल है और परिवार को गोल्ड की उम्मीद है. 27 जुलाई को हिट्स राउंड में बलराज ने चौथा स्थान हासिल किया था, जिसके बाद रिपीचेज राउंड में उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का एक और मौका मिला। आज हुए रिपीचेज राउंड में बलराज ने 7 मिनट 12 सेकंड और 41 मिलीसेकंड में अपनी रेस पूरी कर दूसरे स्थान पर रहते हुए क्वार्टरफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। मोनाको के खिलाड़ी ने उन्हें केवल दो सेकंड से हराया, लेकिन बलराज की मेडल की उम्मीदें अब भी कायम हैं। हर रिपीचेज राउंड से पहले दो खिलाड़ी क्वार्टरफाइनल के लिए क्वालिफाई करते हैं, जबकि बाकी खिलाड़ी सेमीफाइनल ई/एफ में जाते हैं।
परिवार को गोल्ड की उम्मीद.. कल के मुकाबले पर टिकी देश की नजर
बता दें कि हिट्स राउंड के दौरान बलराज ने शुरुआत में तेज गति दिखाते हुए तीसरे स्थान पर बढ़त बनाई, लेकिन जल्द ही एल्बन्ना ने उन्हें पीछे छोड़ दिया। पहले 500 मीटर के चेकपॉइंट को एल्बन्ना ने 1:41.94 में पार किया, जबकि बलराज 1:43.53 पर थे। 1000 मीटर के निशान पर बलराज और एल्बन्ना एक-दूसरे के करीब थे, लेकिन मैकिन्टोश ने बड़ी बढ़त बना रखी थी। अंतिम 100 मीटर में भी बलराज ने मिस्री खिलाड़ी पर दबाव बनाए रखा, लेकिन 2000 मीटर की हीट 7:07.11 में पूरी की, जो एल्बन्ना से 2 सेकंड पीछे थी। बलराज की मां कमला और पड़ोसियों का कहना है कि उन्हें बलराज की मेहनत पर पूरा भरोसा है। आज के प्रदर्शन से उन्होंने यह साबित कर दिया है कि वह क्वार्टरफाइनल में अपनी जगह बना सकते हैं। परिवार का कहना है कि बलराज सेमीफाइनल और फाइनल में भी शानदार प्रदर्शन करेंगे और देश का नाम रोशन करेंगे।







