पलवल : चन्द्रिका ( TSN)- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज पलवल के नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में जिला स्तरीय योग शिविर का आयोजन किया गया।हरियाणा योग आयोग एवं आयुष विभाग हरियाणा के तत्वाधान में आयोजित शिविर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ पलवल जिला के योग प्रेमियों ने लाइव टेलीकास्ट के माध्यम से जुड़ कर योग दिवस गरिमामय ढंग से मनाया। शिविर में हरियाणा की शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा मुख्य अतिथि और पलवल एसपी डॉक्टर अंशु सिंगला विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्वलन करके किया गया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा ने कहा कि 10 वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विश्व स्तर पर हमारे देश व प्रदेश में योग किया जा रहा है। योग हमारी प्राचीन धरोहर है। योग के माध्यम से असाध्य रोगों को दूर किया जा सकता है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी योग दिवस पर अपने संबोधन में यह संदेश दिया है कि लोग अपने जीवन में योग को अपनाऐं। प्रतिदिन योग करें और स्वास्थ्य लाभ लें। उन्होंने कहा योग से न केवल शरीर अपितु मन भी स्वस्थ रहता है। नियमित रूप से योग प्रणायाम करके हम निरोगी रह सकते हैं।







