चंडीगढ़ : चन्द्रिका ( TSN)-हरियाणा की सभी 10 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी का मुकाबला “इंडिया” गठबंधन से होगा। जहां बीजेपी की सीधी टक्कर इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार से होगी, वहां बीजेपी हारेगी। आम आदमी पार्टी को इंडिया गठबंधन में कुरुक्षेत्र सीट मिली है। कुरुक्षेत्र अधर्म पर धर्म पर जीत का प्रतीक है। हरियाणा में चुनावी जीत की शुरुआत यहीं से करेंगे। ये बात आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने शनिवार को चंडीगढ़ में प्रेस वार्ता के दौरान कही ।
प्रदेश सरकार के बजट को लेकर दी प्रतिक्रिया
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने प्रदेश सरकार के बजट को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हरियाणा सरकार लगातार घाटे का बजट पेश कर रही है। 70 हजार करोड़ से घाटा 3 लाख करोड़ तक पहुंच गया है। इसकी वजह से हरियाणा की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने कृषि बजट में भी कटौती कर दी। वहीं ग्रामीण विकास और पंचायत के बजट में भी कटौती कर दी गई है, वहीं 9 साल के बाद भी हरियाणा सरकार चलो गांव की ओर योजना चला रही है। वहीं बीजेपी विभिन्न आम आदमी पार्टी की योजनाएं को नकल करने में लगी है। पहले तो मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना की घोषणा की गई और अब बजट में प्रावधान किया गया है। वहीं इसमें सिर्फ 1 लाख से कम आय वालों को शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि इस योजना में सुधार करने की आवश्कता है।
अनुराग ढांडा ने कहा कि बजट में लिखा है कि 84-85 लाख लोगों को इस योजना का लाभ मिलेगा। जबकि एक भी व्यक्ति को अभी तक इस योजना का लाभ नहीं मिला है तो क्या आने वाले 50 सालों में प्रदेश के लोगों को तीर्थ यात्रा पर ले जाया जाएगा या ये सिर्फ एक चुनावी जुमला साबित होगा।उन्होंने कहा कि दूसरी योजना शहीदों के परिवार को एक करोड़ रुपए की मिलने वाली सम्मान राशि है। उन्होंने कहा की आम आदमी पार्टी इस योजना का स्वागत करती है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी को इस योजना को लागू करने का रोड मैप भी बनाना चाहिए।







