हथीन | जिले में अवैध हथियारों की तस्करी एक गंभीर चुनौती बनती जा रही है। हथीन थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में हथियारों की एक बड़ी खेप बरामद की गई है। पुलिस ने एक सक्रिय गैंग के कब्जे से 10 देशी पिस्तौल, 5 कट्टे, 10 जिंदा कारतूस और एक अतिरिक्त कट्टा बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
क्राइम ब्रांच में तैनात हेड कांस्टेबल अजीत सिंह ने हथीन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी टीम के साथ गश्त पर थे, जिसमें पुलिसकर्मी एचसी कर्मबीर, मनोज कुमार, ईएचसी राकेश और सरकारी वाहन चालक यशबीर शामिल थे। गश्त के दौरान उन्हें सूचना मिली कि थाना बिछौर क्षेत्र के गांव मंडयाकी निवासी इकलास उर्फ ईका अवैध हथियारों की सप्लाई कर रहा है। बताया गया कि वह टेंपरेरी नंबर की ब्रेजा कार में दिल्ली-मुंबई हाईवे से होते हुए केएमपी के जरिए मंडकौला कट से पलवल की ओर जाने वाला है।
सूचना के आधार पर मंडकौला कट पर पुलिस ने नाकाबंदी की और वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान एक संदिग्ध ब्रेजा कार को रोका गया, जिसे इकलास उर्फ ईका चला रहा था। तलाशी के दौरान कार की डिग्गी में स्टेपनी के पास एक कट्टा बरामद हुआ, जिस पर “ग्रीन पेस” लिखा था। इसके भीतर एक पॉलिथीन मिली, जिस पर “एमआर शूज” अंकित था।
जब पॉलिथीन को खोला गया, तो उसमें 10 देशी पिस्तौल, 5 कट्टे, 10 जिंदा कारतूस (315 बोर) और दो खाली मैगजीन बरामद हुईं। प्राथमिक जांच में सभी हथियारों को खोलकर देखा गया, जो उस समय खाली थे। पुलिस ने इस मामले में 20 मई की रात करीब 11:15 बजे मामला दर्ज किया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, इस गिरफ्तारी से अवैध हथियारों के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच का दायरा और बढ़ाया जा सकता है।







