फरीदाबाद/रोहतक : चन्द्रिका ( TSN)-आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) और राज्यसभा सांसद डॉ. संदीप पाठक ने वीरवार को फरीदाबाद में फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रेवाड़ी, गुरुग्राम और शाम को रोहतक में रोहतक, झज्जर और सोनीपत के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस मौके उनके साथ आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता और वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने हरियाणा में बढ़ रही बेरोजगारी और हरियाणा से पलायन कर रहे उद्योगों के मुद्दे पर हरियाणा सरकार को घेरा।
हरियाणा सरकार की उद्योग के लिए कोई भी पॉलिसी नहीं
डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि हरियाणा से उद्योग पलायन करने को मजबूर हैं, जिसे हरियाणा सरकार बिल्कुल दरकिनार कर रही है। हरियाणा सरकार की उद्योग के लिए कोई भी पॉलिसी नहीं है। इसी खराब नीति की वजह से पिछले साढ़े तीन साल में हरियाणा में 1000 से ज्यादा सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) बंद हो चुके हैं। उद्योग और इन्वेस्टमेंट में अव्वल बनने की क्षमता रखने वाला हरियाणा भाजपा के राज में पिछड़ चुका है। आरबीआई की रिपोर्ट के अनुसार 2022-23 में देशभर में रिलीज बैंक एसिस्टेड फाइनेंस प्रोजेक्ट का केवल 1% हरियाणा में लगा है, जो कि देश में सबसे कम है। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश में व्यापारी अपना बिजनेस बंद करने पर मजबूर हो रहे हैं। भाजपा सरकार के नए उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए किए गए सारे वादे खोखले निकल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने 10 महीने पहले बिजनेस स्टार्टअप के लिए 200 करोड़ रुपए का उद्यम पूंजी निधि (वीसीएफ) बनाने का वायदा किया था। लेकिन अभी तक एक भी स्टार्टअप को एक पैसा भी नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार न खुद हरियाणा के लोगों को नौकरी दे रही और न नौकरी देने वाली इंडस्ट्रीज़ को सहयोग कर रही है।







