अंबाला(TSN): क्रिसमस के पर्व को आज हरियाणा में भी बड़ी धूम धाम से मनाया गया। इसी कड़ी में अंबाला के सभी चर्च में भी क्रिसमस बड़े धूम धाम से मनाया गया। अंबाला के सदर बाजार चर्च में क्रिसमस डे के अवसर पर हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। यहां पहुंचने पर ईसाई धर्म के लोगों द्वारा गृह मंत्री का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया गया। गृह मंत्री अनिल विज ने चर्च में बैठे लोगों को संबोधित किया।
अनिल विज ने अपने संबोधन में सभी को क्रिसमस की बधाई दी। इस मौके पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज खुशियां बांटने का दिन है और मैं भी आपके साथ खुशियां बांटने में आया हूं। उन्होंने कहा कि प्रभु यीशु मसीह धरती पर अवतरित हुए उन्होंने मानव जाति को खुश रखने के लिए आनंदित रखने के लिए मार्ग बताया। उन्होंने कहा की सबसे ज्यादा जो देखने में आता है कि मनुष्य की सेवा के लिए न केवल हिन्दुस्तान में बल्कि सारे विश्व में अनेकों प्रकल्प चलाए जाते है। जरूरतमंदों की सहायता की जाती है क्योंकि जब तक सारे खुश नहीं होंगे तब तक असली आनंद का आभास भी नहीं किया जा सकता।उन्होंने कहा कि खुश रहने का ये सबसे बड़ा तरीका है और ईश्वर की सेवा करने का सबसे बड़ा तरीका है कि ईश्वर के भेजे हुए बंदो को अगर कोई दुख तकलीफ है उसमे हम साथ दें,उसमें हम खुशियां बांटे। उन्होंने कहा की यही संदेश प्रभु यीशु मसीह की ओर से धरती पर दिया गया और आज ये दिन पूरे विश्व में हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज का दिन खुशियां मनाने का दिन है खुशियां बांटने का दिन है उपहार लेने और उपहार देने का दिन है। उन्होंने कहा कि जहां तक मुझे याद है इस चर्च में हर साल क्रिसमस के दिन आता रहा हूं।







