चडीगढ़ : चन्द्रिका ( TSN)-आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता का कहना है कि 10 दिवसीय बदलाव यात्रा ने प्रदेश की जनता की समस्याओं को उजागर करने का काम किया है। इसके तहत आम आदमी पार्टी के नेताओं ने 90 विधानासभाओं का दौरा किया और प्रदेश के लोगों की समस्याएं जानी व सरकार के सामने जनता के मुद्दे उठाए।
डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा हरियाणा का हर वर्ग प्रदेश में सत्ता परिवर्तन चाहता है। प्रदेश का हर वर्ग सरकार की जनता विरोधी नीतियों से त्रस्त है। उन्होंने कहा कि बदलाव यात्रा में लाखों लोगों से रूबरू हुए। जनता ने शिक्षा, स्वास्थ्य से लेकर हर विभाग में फैले भ्रष्टाचार तक सरकार की पोल खोल कर रख दी। सरकारी अस्पतालों की हालत भी बद से बदतर है, न दवाइयां हैं, 50% से ज्यादा चिकित्सकों के पद खाली हैं। जनता प्राइवेट अस्पतालों में महंगे बिलों देकर इलाज करवाने को मजबूर है।उन्होंने कहा कि लोगों ने हरियाणा में महंगे बिजली के बिलों, स्कूल और कॉलेजों की बदतर हालत, किसानों के मुद्दे, बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर अपनी बात रखी । सुशील गुप्ता ने कहा कि प्रदेश के हजारों युवाओं ने बदलाव यात्रा में भागीदारी कर बताया कि हरियाणा में 2 लाख सरकारी नौकरियां खाली पड़ी हैं। युवा जमीन जायदाद बेचकर विदेशों में जाने को मजबूर हैं। अधिकारियों और नेताओं के संरक्षण में नशा तस्कर काम कर रहे हैं। प्रदेश के युवा अपराध की दुनिया के दलदल में फंसते जा रहे हैं। वहीं हरियाणा में महिलाओं के प्रति अपराध भी पहले से ज्यादा बढ़ा है। हरियाणा महिलाओं के प्रति यौ+न अपराधों के मामलों में देश में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में 2024 में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी।







