जींद (एकता): जींद में एक इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां सीआईए स्टाफ पुलिसकर्मी ने विधवा को शादी का झांसा देकर डेढ़ साल तक शारीरिक संबंध बनाए। मीडिया सूत्रों के अनुसार पुलिस कांस्टेबल ने विधवा महिला से 10 तोले सोना भी हड़पा है। बाद में उसने शादी करने से इंकार कर दिया। महिला थाना पुलिस ने विधवा महिला की शिकायत पर सीआईए पुलिस कांस्टेबल मनोज शर्मा के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि करीब तीन साल पहले उसके पति की मौत हो गई थी। उसके बाद वह आरोपी मनोज शर्मा के संपर्क में आई। उसने बताया कि वह सीआईए स्टाफ में कांस्टेबल तैनात है। मनोज के साथ उसने शादी करने का फैसला लिया लेकिन उसे क्या पता था कि वह उससे शादी का झांसा देकर इतना घिनौना काम कर रहा है। मनोज ने उससे 10 तोले सोना भी लिया। बाद में वह उससे पीछा छुड़ाने की कोशिश करने लगा।







