चंडीगढ़ : चन्द्रिका ( TSN)– हरियाणा सरकार ने आपसी नाराजगी या दूसरे प्रदेशों में चुनाव प्रचार के चलते प्रदेश की जनता को भगवान भरोसे छोड़ दिया है। ये कहना है आम आदमी पार्टी प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता का ।उन्होंने कहा कि हरियाणा में सारा सरकारी काम ठप पड़ा है। 11,200 से ऊपर सरकारी फाइलें पेंडिंग पड़ी हैं, इनमें 7300 फाइलें 300 से ज्यादा दिन से पेंडिंग पड़ी हैं, यानी महीनों से सरकारी दफतरों में कोई काम नहीं हो रहा। इनमें 55 प्रतिशत से ज्यादा 2000 फाइलें सीएम खट्टर और 2000 से ज्यादा फाइलें अनिल विज के विभागों से संबंधित है। इसके अलावा 1200 फाइलें उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के विभागों से संबंधित हैं।
CM ने 9 साल अफसरों और मंत्रियों के झगड़ों में निकाले
डॉ. सुशील गुप्ता ने आरोप लगाया कि अफसर सरकार पर हावी हो चुके हैं और अपनी मनमानी कर रहे हैं। मंत्रियों की बात बिल्कुल नहीं सुनी जा रही। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सामाजिक समानता बनाए रखने में पूरी तरह से फेल हुई है और अब फाइलों के अटकने से हरियाणा पूरी तरह ठप हो गया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने पिछले 9 साल इसी तरह अफसरों और मंत्रियों के झगड़े में निकाल दिए। जिसकी वजह से लोगों के विकास के कार्य पूरी तरह ठप हो गए हैं। अब हरियाणा की जनता ने 2024 में आम आदमी पार्टी की सरकार बनाने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि लगभग 850 फाइलें हेल्थ डिपार्टमेंट, 835 फाइलें फाइनेंस डिपार्टमेंट, 660 फाइलें होम डिपार्टमेंट, मेडिकल और एजुकेशन डिपार्टमेंट में 506 फाइलें, टाउन कंट्री प्लानिंग में 512 फाइलें, इरिगेशन डिपार्टमेंट में 568 फाइलें, रिवेन्यू और डिजास्टर मैनेजमेंट में 301 फाइलें, पीडब्लूडी में 401 फाइलें, सिविल एविएशन में 121 फाइलें, फूड एंड सप्लाई में 160 और इंडस्ट्रीज़ डिपार्टमेंट में 232 फाइलें पेंडिंग पड़ी हैं। जिस कारण हरियाणा में जनता से जुड़े प्रोजेक्ट और जनता से जुड़े काम पूरी तरह से ठप हैं।







