पलवल ( चन्द्रिका )- दीपावली पर्व को लेकर पलवल जिला पुलिस ने पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए गए है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अंशु सिंगला ने दीपावली पर्व पर सभी जिला वासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अबकी दिवाली प्रदूषण रहित और उजाला सहित मनाए। केवल ग्रीन पटाखे का उपयोग करें।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अंशु सिंगला ने कहा कि पराली जलाने की लगातार बढ़ती घटनाओं से वातावरण प्रदूषित हो रहा है। इस पर उच्चतम न्यायालय एवं हरियाणा सरकार और पुलिस महानिदेशक हरियाणा ने कड़ा संज्ञान लिया है। इन घटनाओं के कारण वातावरण में ऑक्सीजन की कमी होती है और सांस लेने में कठिनाइयां होती है। आज पराली जलाने के दुष्प्रभाव के बारे में खुद जागरूक होना अत्यंत आवश्यक हो गया है। ऐसे में राष्ट्र निर्माण में अहम पराली ना जलाने बारे खुद भी जागरूक हों और दूसरे लोगों को भी जागरूक करें। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जो भी कोई पराली जलाकर वायु प्रदूषण का काम करेगा उसके खिलाफ पुलिस विभाग कड़ी कार्रवाई करेगा। वहीं, थानों में तैनात एसएचओ को अपने अधिकार क्षेत्र में निजी तौर पर गश्त कर पराली जलाने की घटनाओं को तुरंत रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए और साथ ही कहा कि यदि किसी के क्षेत्र में पराली जलाई जाती है तो एसएचओ की जिम्मेदारी निर्धारित होगी।







