अंबाला (एकता): अंबाला में आरसीएस उड़ान योजना के तहत सिविल एन्कलेव की स्थापना के चलते खुशी की लहर है। बता दें कि गृह मंत्री अनिल विज के अथक प्रयासों से ही यह स्थापना की जा रही है। मीडिया सूत्रों के अनुसार शुक्रवार को अंबाला वासियों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर जश्न मनाया। इतना ही नहीं अनिल विज का जगह-जगह पर स्वगात किया गया है। बताया जा रहा है कि इस शिलान्यास की तिथि 15 अक्टूबर (पहले नवरात्र) तय होने पर बाजारों में लोगों व दुकानदारों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमते हुए जश्न मनाया और मिठाइयां बांटी। अनिल विज ने कहा कि विकास का रास्ता आधारभूत ढांचा बढ़ाने से बनता है और हम आधारभूत ढांचे को बढ़ा रहे हैं, ताकि विकास हो सके।

उन्होंने बताया कि किसी शहर में एयरपोर्ट का निर्माण होना यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। एयरपोर्ट बनने एवं अन्य परिवहन सुविधाएं बढ़ने से बड़े कारोबारी एवं अधिकारी बाहर से सुबह यहां आकर शाम को वापस लौट सकेंगे। उन्होंने कहा कि अंबाला में एयरपोर्ट के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी है। काफी प्रयास के बाद 20 एकड़ जमीन के लिए हरियाणा सरकार ने 133 करोड़ रुपए सहर्ष जमा कराए। अब गर्वमेंट लैंड रिकार्ड में हरियाणा सरकार के नाम जमीन का इंद्राज हुआ है।
ढांचागत सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लगातार कर रहे काम: अनिल विज
गृह मंत्री ने कहा कि सरकार का दायित्व ढांचागत सुविधा उपलब्ध कराना है, जिस पर हम लगातार काम कर रहे हैं। हम 1857 की क्रांति को समर्पित शहीदी स्मारक एवं साइंस म्यूजियम बना रहे हैं,जबकि सुभाष पार्क एवं सिविल अस्पताल का निर्माण हो चुका हैं। जब बड़े शहरों में गिनती एवं सुविधाएं मिलती है तो वहां इनवेस्टमेंट होती है और इंडस्ट्री लगती है जिससे रोजगार मिलता है।







