Home Haryana पीजीआईएमएस रोहतक के ट्रॉमा सेंटर में ओटी टेक्नीशियन की संदिग्ध मौत, जांच...

पीजीआईएमएस रोहतक के ट्रॉमा सेंटर में ओटी टेक्नीशियन की संदिग्ध मौत, जांच शुरू

3
0
रोहतक। पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (पीजीआईएमएस) के ट्रॉमा सेंटर में कार्यरत एक ओटी टेक्नीशियन की  सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 38 वर्षीय ओटी टेक्नीशियन जगबीर  सुबह करीब 9:05 बजे ट्रॉमा सेंटर की पहली मंजिल पर स्थित ऑपरेशन थिएटर के वाशरूम में बेहोशी की हालत में मिले। ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ ने उन्हें तत्काल वहां से निकालकर ओटी टेबल पर पहुंचाया और एनेस्थीसिया टीम की सहायता से सीपीआर सहित सभी आवश्यक आपातकालीन चिकित्सीय प्रयास किए।

हालांकि चिकित्सकों की तमाम कोशिशों के बावजूद जगबीर की जान नहीं बचाई जा सकी और उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मौत के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। अस्पताल परिसर में हुई इस घटना को लेकर कर्मचारियों और परिजनों में भी कई सवाल उठ रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here