अंबाला (एकता): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा शुरू किया गया ‘जनसंवाद कार्यक्रम’ लोगों के लिए खास-उत्सव साबित होता जा रहा है। बता दें कि शनिवार को यमुनानगर जिला के गांव दामला में जनसंवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने लोगों से कहा कि पिछले साढ़े 8 साल में राज्य सरकार ने प्रदेश में विभिन्न विकास कार्य करवाए हैं। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में पूर्व की सरकारों से दोगुना काम हुआ है और वो भी कम लागत पर। उन्होंने कहा कि हरियाणा की 2 करोड़ 80 लाख जनता मेरा परिवार है।
जानकारी के मुताबिक मनोहर लाल ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से जरूरतमंद लोगों का इलाज किया जा रहा है। गांव दामला में 3175 लोगों के आयुष्मान कार्ड बने हैं, जिनमें से 261 लोगों ने इसका लाभ उठाया है और इसके तहत 51 लाख रुपए की राशि इलाज पर खर्च हुई है।
मुख्यमंत्री ने पूछा कि अगर किसी की पेंशन नहीं बनी है तो बताएं। इस दौरान जब कुछ लोगों ने पैंशन न बनाने की बात कही तो मुख्यमंत्री ने उन्हें कहा कि एक घंटे के अंदर उनकी पेंशन बन जाएगी। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की अधिकतर वाजिब मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने यह भी बताया कि जनसंवाद कार्यक्रम में जो भी शिकायत प्राप्त होती है, उसे जनसंवाद पोर्टल पर अपलोड किया जाता है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने प्रांगण में लगाए गए खुद सहायता समूह के स्टालों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने रेडक्रास सोसायटी की ओर से तीन लाभार्थियों को व्हीलचेयर भी वितरित की।







