अंबाला (एकता): हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने किसानों को बड़ी राहत दी है। बता दें कि किसानों की फसलों को बाढ़ एवं ज्यादा बारिश से नुकसान के चलते मुआवजे की राशि दी जाएगी। मीडिया सूत्रों के अनुसार 7 सितंबर 2023 तक सभी के बैंक खातों में मुआवजे की राशि भेज दी जाएगी। बता दें कि वर्तमान सरकार ने राज्य में पहली बार बाढ़ घोषित की है, ताकि प्रभावितों के नुकसान की सही भरपाई की जा सके।
उन्होंने बताया कि हाल ही में आई बाढ़ के दौरान करीब 1475 गांवों में पानी जमा हुआ है। उन्होंने आगे बताया कि राज्य में करीब 4 लाख 8 हज़ार एकड़ में फसलों को बाढ़ से नुकसान पहुंचा है। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने किसान हित में तीन नए निर्णय लिए हैं। इनमें पहला पटवारियों की कमी को पूरा करने के लिए क्षतिपूर्ति सहायक लगाए जा रहे हैं। ऐसे प्रभावित किसानों के हित में राज्य सरकार नई पॉलिसी बनाने जा रही है, जिसमें नीलामी से मिलने वाली 10 लाख तक की धनराशि में से एक तिहाई हिस्सा किसान का होगा। उन्होंने बताया कि ऐसी पॉलिसी देश में सबसे पहले हरियाणा में बनने जा रही है।
बाढ़ से प्रदेश में 475 मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुए हैं जिनमें से 108 मकानों का क्लेम प्रभावितों को दे दिया गया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि प्रदेश में 1324 सड़कों के करीब 2105 किलोमीटर एरिया में नुकसान हुआ है , इसमें कुल 338 करोड़ रुपए के नुकसान की संभावना है। इनके अलावा एक करोड़ से अधिक लागत वाले सड़कों के कार्यों को पीडब्लूडी विभाग के इंजिनीरिंग पोर्टल के माध्यम से टेंडर आमंत्रित करके करवाए जाएंगे।







