पंचकूला (एकता)– हरियाणा में आज से स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत आशा वर्कर्स भी अब 3 दिन की हड़ताल पर जा रही हैं। बता दें कि मंगलवार यानि 8 से 10 अगस्त तक वर्कर्स अपनी सैलरी सहित अन्य मांगों को लेकर हड़ताल करेंगी।
मीडिया सूत्रों के अनुसार सोमवार को पंचकूला में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक बुलाई गई। वहीं दूसरी तरफ अधिकारियों के रवैये से खफा होकर वर्कर्स ने पूर्व में नियोजित आंदोलन के तहत हड़ताल पर जाने का फैसला लिया।
आशा वर्कर्स का कहना है कि विभाग जनहित का हवाला देकर आशा वर्कर्स को बिना सैलरी दिए ऑनलाइन काम करने के लिए बाधित कर रहा है। इनकी मांगों व समस्याओं का समाधान किया जाए। बता दें कि प्रदेश की 20,000 आशा वर्कर्स 3 दिन की हड़ताल पर रहेंगी। इसके साथ ही अपनी मांगों का हल न निकलने पर हड़ताल आगे जारी रह सकती है।







