अंबाला (एकता): अमरनाथ यात्रा के शुरू होते ही भक्तों में खुशी की लहर दौड़ पड़ती है। हर साल श्रद्धालु इस यात्रा का इंतजार करते हैं। लोगों की ‘बम-बम भोले’ के प्रति गहरी आस्था है। बता दें कि यह यात्रा कठिन भी है लेकिन फिर भी भक्त इनके दर्शनों के लिए दूर-दूर से आते हैं। मीडिया सूत्रों के अनुसार सोमवार को अमरनाथ यात्रा के लिए हरियाणा के अंबाला से एक जत्था रवाना हुआ।
बता दें कि अंबाला की मेयर शक्तिरानी शर्मा ने अंबाला शहर रेलवे रोड से अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना होने वाले जत्थे को झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा के रवाना होने से पहले विधिवत रूप से पूजा अर्चना की गई और बकायदा मेयर शक्तिरानी शर्मा ने पूजा में भाग लिया। मेयर का प्रोग्राम स्थल पर पहुंचने पर प्रबंधकों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया।
इस अवसर पर मेयर शक्तिरानी शर्मा ने कहा कि यह बहुत शुभ अवसर है। उनकी खुद दिल की इच्छा है कि वह अमरनाथ दर्शन के लिए जाए, लेकिन अभी प्रभु का बुलावा नहीं आया है। मेरी शुभकामनाएं इनके साथ है और मेरी कामना है कि सभी अच्छे दर्शन करके घर वापस आए। हर साल की तरफ हजारों लोग अमरनाथ यात्रा के लिए जाते हैं और आज भी युवा साथी मिलकर अमरनाथ यात्रा के लिए जा रहे हैं। मेरी कामना है कि भगवान इनकी मनोकामना पूरी करे।







