करनाल | जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए नेवी लेफ्टिनेंट विनय नरवाल के परिवार से मिलने के लिए शुक्रवार को कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा करनाल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी और कहा कि यह सिर्फ एक परिवार की नहीं, पूरे देश की अपूरणीय क्षति है।
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा, “यह घटना पूरे देश की आत्मा को झकझोरने वाली है। हम सभी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और उनके बलिदान को नमन करते हैं। हरियाणा के लाल विनय नरवाल का जीवन प्रेरणादायक और उपलब्धियों से भरा हुआ था। आज पूरे देश की आंखें नम हैं, लेकिन भरोसा है कि देश इस कायराना हरकत का मुंहतोड़ जवाब जरूर देगा।”
उन्होंने स्पष्ट कहा कि देश के सुरक्षाबल और सरकार इस हमले को अंजाम देने वालों को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ेंगे। “आतंकियों की जड़ों तक जाकर कार्रवाई होगी और जैसा कृत्य उन्होंने किया है, वैसा ही जवाब उन्हें मिलेगा। देश चुप नहीं बैठेगा,” उन्होंने जोड़ा।
सांसद के दौरे के दौरान क्षेत्रीय नेताओं और स्थानीय निवासियों ने भी शहीद को श्रद्धांजलि दी। गौरतलब है कि विनय नरवाल के शौर्य और समर्पण को पूरा देश सलाम कर रहा है।







