अंबाला (अंकुर कपूर): अंबाला में रविवार को मेयर व हजपा की वरिष्ठ नेत्री शक्तिरानी शर्मा की मौजूदगी में सैकड़ों युवाओं ने हजपा का दामन थामा। मीडिया सूत्रों के अनुसार मेयर शक्तिरानी ने सभी युवाओं का पार्टी में पटका पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर विनीत भाई व उनके बेटे रूद्र भाई ने कहा कि अंबाला के युवा पढ़े-लिखे होने के बावजूद रोजगार के अभाव में इधर-उधर भटक रहे हैं।
अंबाला का अधिकतर युवा रोजगार की तलाश में अपनी जन्मभूमि को छोड़कर विदेशों की ओर रुख कर रहा है। 2005 में जब पहली बार विनोद शर्मा अम्बाला के विधायक बने थे तो उन्होंने कहा था कि अब अम्बाला के युवाओं के साथ अन्याय सहन नहीं होगा। सरकारी नौकरियों में अम्बाला का हिस्सा कोई छिन नहीं सकेगा। युवाओं के खेलने के लिए सैक्टर-10 के अंदर राजीव गांधी खेल परिसर का निर्माण करवाया। मेयर शक्तिरानी शर्मा ने सभी युवा साथियों का हजपा में स्वागत करने के उपरांत कहा कि जो विश्वास आज आपने अपने नेता विनोद शर्मा की नीतियों व पार्टी में जताया है उसे हर हाल में निभाया जाएगा।







