अंबाला (अंकुर कपूर): अंबाला शहर के बाजारों में नगर निगम का एक्शन मोड देखने को मिला। आखिरकार अवैध अतिक्रमण पर पीला पंजा चलाया गया। बता दें कि शहर के छोटे से बाजार को पार करने के लिए अंबाला की जनता को जद्दोजहद करनी पड़ती है, जिसका कारण बाजारों में दुकानदारों के द्वारा किया गया अवैध अतिक्रमण है। हालांकि पिछले 2 दिनों से नगर निगम के द्वारा दुकानदारों को चेतावनी भी दी जा रही थी, लेकिन बावजूद इसके दुकानदारों ने अपना अतिक्रमण नहीं हटाया।

आज नगर निगम ने दुकानों के बाहर पड़ा समान को भी जप्त किया और पीला पंजा भी चलाया। तब दुकानदार उनके आगे सामान जब्त न करने को लेकर अपील करने लगे। इस कार्रवाई को लेकर दुकानदारों का कहना है कि यह कार्रवाई बिल्कुल सही की गई है, लेकिन निगम को सिर्फ अवैध अतिक्रमण पर नहीं बल्कि लोगों को सुविधाएं पहुंचाने के बारे में भी सोचना चाहिए।







