कुरुक्षेत्र (अंकुर कपूर): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मंगलवार को कुरुक्षेत्र जिला के अपने दौरे के दूसरे दिन गांव धुराला में जनसंवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने कहा कि जनसंवाद कार्यक्रमों में सरपंचों के माध्यम से विकास कार्यों की जो भी मांगें लिखित रूप में प्राप्त होंगी, उन सभी कार्यों को पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में आधारभूत विकास की तरफ ध्यान दिया जा रहा है। सड़क तंत्र, कॉलेज, विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेज और स्वास्थ्य सेवाओं में बढ़ोतरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों को सीधा मिल रहा है।
लोगों को किसी भी योजना के लाभ के लिए लाइनों में नहीं खड़ा होना पड़ता। सभी प्रकार के लाभ ऑनलाइन मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवार पहचान पत्र के माध्यम से सरकार द्वारा सब परिवारों का डाटा इकट्ठा किया गया है। उन्होंने कहा कि गांव धुराला में 2654 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। यही नहीं इनमें से 523 लोगों ने इस योजना के तहत फायदा उठाया है और सरकार की ओर से 52 लाख 23 हजार रुपए की राशि खर्च की गई है। जनसंवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आसपास के गांव के करीब 10 सरपंचों से बातचीत करते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि तालाबों से संबंधित सफाई के कार्य वह स्वयं करवा सकते हैं।
उन्होंने सरपंचों से प्राप्त सामुदायिक केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र, सड़क, जल निकासी व अन्य से संबंधित मांगो को भी पूरा करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि जब भी गांव में तालाब की खुदाई हो तो उससे निकलने वाली गाध को खेतों में खाद के रूप में इस्तेमाल करें यह फसलों के लिए बहुत अधिक लाभदायक होती है। उन्होंने कहा कि बच्चों की बुनियाद मजबूत करने प्रदेश सरकार प्ले-वे स्कूल खोल रही है। धुराला गांव में भी प्ले-वे स्कूल खोले जाएंगे। उन्होंने कहा कि धुराला गांव में नालियों गलियों इत्यादि कार्यों के लिए पिछले वित्त वर्ष में 1 करोड़ 15 लाख रुपये विकास कार्यों के लिए खर्च किए गए हैं।







