हरियाणा (एकता): बेरोजगार युवाओं के लिए खुशखबरी है। हरियाणा पुलिस ने 6 हजार पदों पर सिपाही भर्ती निकाली है। मीडिया सूत्रों के अनुसार इस बार हरियाणा पुलिस ने इस भर्ती में नए बदलाव किए हैं। बता दें कि नए नियमों के तहत अब भर्ती में शिक्षा के अतिरिक्त अंक नहीं मिलेंगे। इस भर्ती में जो अभ्यर्थी वक्त से पहले दौड़ पूरी करेगा और जिनकी लंबाई तय मानदंडों से ज्यादा होगी, उनको अतिरिक्त नंबरों का फायदा मिलेगा। वहीं दूसरी ओर हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के पास डीजीपी की ओर से नए सेवा नियम भेजे जाएंगे। उसके बाद भर्ती शुरू की जाएगी।

पुलिस ने यह भर्ती महिला और पुरुष दोनों के लिए निकाली है। 5 हजार पुरुष और 1 हजार महिला सिपाही इसमें आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थियों का पहले पीएमटी और पीएसटी होगा। यह दोनों टेस्ट पास करने के बाद ही उनकी किस्मत का फैसला होगा। पिछली 5000 की सिपाही भर्ती में भी यही नियम अपनाए गए थे। अब हरियाणा पुलिस ने भर्ती में कमियों को लेकर नए नियम लागू किए। आगामी माह में इस भर्ती पर आवेदन शुरू हो सकते हैं। सीईटी पास इसके लिए आवेदन कर सकेंगे।
जानिए भर्ती के लिए क्या होंगे नए नियम
बता दें कि सिपाही भर्ती के लिए 12वीं कक्षा होना जरूरी है। पहले बीए पास को 4 और एमए पास को 3 अतिरिक्त अंक मिलते थे। लेकिन नए नियम के अनुसार इनके स्थान पर तय समय से पहले दौड़ पूरी करने पर 2 और निर्धारित लंबाई से अधिक 6 फुट तक के जवानों को 3 अंक दिए जाएंगे। इस बार सिपाही भर्ती के लिए युवाओं को खास मेहनत करनी होगी।





