चंडीगढ़ (एकता): पंजाब से एक बड़ी खबर सामने आई है। वारिस पंजाब दे के प्रमुख अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी को लेकर पूरे पंजाब में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। मीडिया सूत्रों के अनुसार शनिवार को पंजाब पुलिस ने अमृतपाल सिंह की गिरफ्तार को लेकर सर्च ऑपरेशन चलाया हुआ है लेकिन अभी यह कहा नहीं जा सकता कि अमृतपाल को गिरफ्तार किया गया है या नहीं। इससे पहले अमृतपाल सिंह के 6 साथियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था। अब इस केस में 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।

कल तक पूरे पंजाब में इंटरनेट सेवा बंद
बताया जा रहा है कि अमृतपाल सिंह के खिलाफ 3 मामले दर्ज है। पुलिस ने अमृतपाल को गिरफ्तार करने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया हुआ था। जिसके चलते पंजाब के क्षेत्रीय अधिकार क्षेत्र में सभी मोबाइल इंटरनेट सेवाएं, सभी एसएमएस सेवाएं (बैंकिंग और मोबाइल रिचार्ज को छोड़कर) और वॉयस कॉल को छोड़कर मोबाइल नेटवर्क पर प्रदान की जाने वाली सभी डोंगल सेवाएं 18 मार्च (12:00 घंटे) से 19 मार्च तक बंद कर दी गई है। साथ ही पैरामिलिट्री फोर्स ने अमृतपाल का गांव पूरी तरह सील कर दिया है। अमृतसर स्थित अमृतपाल का गांव जल्लुपुर खेड़ा पैरामिलिट्री ने सील कर दिया है।

अजनाला थाने पर किया था हमला
गौरतलब है कि पिछले महीने 23 फरवरी को खालिस्तान समर्थक संगठन ‘वारिस पंजाब दे’ से जुड़े लोगों ने अमृतसर के अजनाला थाने पर हमला किया था। बता दें कि हमले के समय ये लोग संगठन के प्रमुख अमृतपाल सिंह के करीबी लवप्रीत सिंह तूफान की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे थे।







