अंबाला (एकता): अंबाला में नए एसपी जश्नदीप सिंह रंधावा ने कुछ अलग अंदाज में ड्यूटी की। बता दें कि एसपी को अलर्ट देखकर पुलिस कर्मचारियों के पसीने छूट गए। मीडिया सूत्रों के अनुसार एसपी रंधावा ने नायाब तरीका अपनाते हुए एक पंजाब नंबर की कार में सवार हुए। उन्होंने कार की वीटी भी करवाई। एसपी ने सफेद रंग की पंजाब नंबर की पीबी-02बीबी-0075 कार में जिले में लगे 73 नाकों में से कुछ का सादे कपड़ों में निरीक्षण किया। अंबाला छावनी के पड़ाव थाना नाके का सबसे पहले दौरा किया। नाकों पर अलर्ट रहने के आदेश दिए गए। यहां पर पंजाब नंबर की गाड़ी को रोका गया जिसमें एसपी मौजूद थे। एसपी ने देखा कि पुलिस कर्मचारी किस तरह नाकों पर अलर्ट रहते हैं।

इस दौरान एसपी के हाथ में वाकी टाकी था। जानकारी के मुताबिक एसपी ने वीटी कर दी और महिला पुलिस कर्मी को बताया कि गाड़ी नंबर पीबी-02बीबी-0075 बलदेव नगर थाना क्षेत्र से चोरी हो गई है। वह जिस भी नाके से निकले उसे रोका जाए। 9 बजकर 58 मिनट पर ही एसपी ने फोन कर थाना प्रभारी से पूछा नाके कहां-कहां लगा रखे हैं। इस दौरान एक अन्य गाड़ी को पुलिस कर्मियों ने रोक रखा था, जिसके चालके से दस्तावेज दिखाने को लेकर पूछताछ चल रही थी। नाके पर जो पुलिस कर्मी खड़ा था, उसके पास वाकी टाकी था, इसलिए उन्हें पता भी नहीं था कि पंजाब नंबर की गाड़ी के चोरी होने की वीटी हो चुकी है।

एसपी गाड़ी से जैसे ही उतरे कर्मचारियों के पसीने छूटने लगे। नाके पर गाड़ी को न रोकने पर पुलिस कर्मियों की उन्होंने क्लास ली। इस दौरान पड़ाव थाना के प्रभारी नाके पर डटे थे। दूसरा नाका अंबाला शहर के पुलिस लाइन चौक पर लगा हुआ था। यहां 10 बजकर 17 मिनट पर बलदेव नगर थाना प्रभारी रामकुमार ने एसपी की गाड़ी को रुकने का इशारा किया। जैसे ही एसपी गाड़ी से नीचे उतरे कर्मचारियों ने उनको सेल्यूट किया। एसपी का अंदाज बदला हुआ था और कर्मचारियों ने पहचानने में समय लगा।

एसपी ने एक एएसआई को शाबाशी देते हुए कहा कि आप पास हो गए। कुछ ही दूरी पर अंबाला शहर के कोतवाली थाना प्रभारी गौरव पूनिया भी खड़े थे, जिन्होंने एसपी को सेल्यूट किया और मुस्कुराते हुए पूछा कि इस गाड़ी की चोरी की वीटी चल रही है। जिलों में करीब 73 नाके लगे थे। साढ़े दस बजे तक विशेष चेकिंग अभियान के तहत सभी कर्मियों को नाकों पर खड़े होने के निर्देश थे।







