पलवल (एकता): पलवल में करीब 5 साल पहले एक के बाद एक दिल दहलाने वाली घटना को अंजाम देते हुए एक सिरफिरे ने 6 निर्दोष लोगों की हत्या कर दी थी। एक महिला सहित 6 लोगों के जघन्य हत्याकांड मामले में पलवल जिला कोर्ट ने शुक्रवार 17 मार्च को आरोपित नरेश धनकड़ को दोषी करार दिया है। बता दें कि एक जनवरी 2018 की रात ओमेक्स सिटी पलवल में रहने वाले नरेश धनकर नाम के एक शख्स ने एक के बाद एक छह लोगों को लोहे की रॉड से हमला कर मौत के घाट उतार दिया था।
उन्होंने बताया कि सबसे पहली वारदात पलवल अस्पताल में हुई थी जिसकी सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने इसे मीडिया पर वायरल कर दिया था। जिसके कारण आरोपित की दो-तीन घंटे के अंदर ही पहचान होने के बाद पुलिस को यह भी जानकारी मिल गई कि वह इस समय आदर्श कॉलोनी में एक घर के सामने खड़ा होकर पड़ोसियों के साथ झगड़ा कर रहा है। जिस पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर उसे काबू करने का प्रयास किया। लेकिन उसने पुलिस पार्टी पर भी हमला कर दिया था। लेकिन बाद में लोगों की मदद से आरोपित नरेश धनकड़ को लोहे की रॉड सहित काबू कर गिरफ्तार कर लिया था। जिसके बाद से वह जेल में था।
संबंधित केस में कुल 52 गवाहों की गवाही के बाद शुक्रवार को माननीय जिला अदालत में एडीजे प्रशांत राणा की कोर्ट ने उसे अपराधी घोषित कर दिया। अब 20 मार्च यानि सोमवार को सजा सुनाई जाएगी। अपराधी घोषित किए जाने पर वकील कुलदीप सिंह नासिर खान तथा धर्म सिंह आदि ने खुशी व्यक्त की है। हालांकि पीड़िता ने कहा कि हमारा घर परिवार तो उजड़ गया अब उसे फांसी हो या कुछ भी हो हमें तो कुछ हासिल होने वाला है नहीं।
लेकिन यदि उसे फांसी की सजा होगी तो कम से कम दिल में यह तसल्ली रहेगी कि वह जेल से बाहर आकर फिर किसी और की हत्या तो नहीं करेगा। हत्याकांड में अपने पति खेमचंद को कोने वाली महिला कमला तथा बेटी आरती ने बताया कि जिस समय हत्याकांड हुआ तो उसके परिवार पर जैसे कहर टूट पड़ा था। खाने के लाले पड़ फए थे। जैसे-तैसे विधवा पेंशन और पति की मौत के बाद उनकी पेंशन से गुजारा कर रहे हैं। सजा के साथ वह यह उम्मीद भी कर रहे हैं कि सरकार उनकी आर्थिक मदद भी करें।







