Home Haryana गुरुग्राम में चलती सिटी बस में लगी आग, चालक की सूझबूझ से...

गुरुग्राम में चलती सिटी बस में लगी आग, चालक की सूझबूझ से 20 से ज्यादा यात्री सुरक्षित

16
0

गुरुग्राम  | गुरुग्राम में एक बड़ा हादसा टल गया, जब सवारियों से भरी एक सिटी बस में अचानक आग लग गई। घटना उस समय हुई जब गुरुगमन सिटी बस मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से मारुति कुंज की ओर जा रही थी।

जानकारी के अनुसार, सेक्टर-51 क्षेत्र में बस के पिछले हिस्से से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे, महिला थाना के पास रोक दिया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बस आग की चपेट में आ गई। देखते ही देखते बस जलकर पूरी तरह खाक हो गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि बस में सवार 20 से अधिक यात्रियों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-29 से दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण इंजन में तकनीकी खराबी माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षा मानकों और वाहनों की नियमित जांच की जरूरत को उजागर कर दिया है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here