अंबाला (अंकुर कपूर): पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा नेता चौधरी बीरेंद्र सिंह ने 2024 के लोकसभा और विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं वैसे-वैसे तमाम दल अपनी तैयारियां पूरी कर लेंगे। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि अगर बीजेपी पार्टी की बात की जाए तो पार्टी की तैयारियां समय से पहले ही हो जाती हैं क्योंकि पार्टी के कार्यकर्ता काम में कोई कसर नहीं छोड़ते। वहीं दूसरी तरफ चौधरी बीरेंद्र सिंह ने नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा दिए गए 75 साल वाले बयान पर तंज कसते हुए कहा कि जब वह 80 साल के हो जाएंगे तब भी वह यही कहेंगे कि यह मेरी आखिरी लड़ाई हैं।
उन्होंने कहा कि मैंने भूपेंद्र सिंह से कहा था कि मैं और आप एक ही उम्र के हैं, रिटायरमेंट लेते हैं। नई जनरेशन में हमें एक विश्वास रखना चाहिए और नए लोगों को आगे आना चाहिए। ई-टेंडरिंग को लेकर भी चौधरी बिरेंद्र सिंह ने कहा कि इस मामले में मेरी मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से बातचीत हुई है। सरपंचों को काम करने की छूट होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उसको अपनी जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। गांव में हुए विकास कार्य में ऑडिट होना चाहिए। ऑडिट से पारदर्शिता आती है। छोटी सरकार को अपने हक मिलने चाहिए। हरियाणा सरकार अपना बजट बनाती है और कहीं न कहीं छोटी सरकार को भी अपना बजट बनाने का अधिकार होना चाहिए।







