अंबाला (अंकुर कपूर): हरियाणा में कोरोना की रफ्तार बढ़ते ही वैक्सीन भी खत्म हो गई। दरअसल प्रदेश में कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं। मीडिया सूत्रों के अनुसार इस बात पर हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वैक्सीन खत्म हो गई तो दोबारा आ जाएगी। विज ने कहा कि 100 प्रतिशत लोगों को पहली डोज लग गई है और 84 प्रतिशत लोगों को दूसरी डोज लग चुकी है। अब बोस्टर डोज लगवाने के लिए आगे आना चाहिए।

सरकार वैक्सीन की व्यवस्था कर रही है। वहीं लगातार बढ़ रहे कोरोना के मामले पर विज ने बोलते हुए कहा कि अब कोविड हमारा हिस्सा बन गया है। इसके साथ ही रहकर हमें जीना सीखना चाहिए। विज ने लोगों को सलाह देते हुए कहा कि हमें अपने स्तर पर डिस्टेंस बनाकर रखना चाहिए। समय-समय पर हाथ धोना चाहिए। इन सभी चीजों को लोगों को अपनाना पड़ेगा। विज ने कहा कि 100 से ज्यादा लोगों वाले कार्यक्रम में मास्क लगाने की सलाह दी। विज ने कहा कि कार्यक्रम करने से मना नहीं किया लेकिन मास्क लगाकर रखना जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग को भी सावधानी बरतने के लिए कहा गया है।








